राजमहल/संवाददाता। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में रविवार को राजमहल के विवेकानंद चौक के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने घटना को शर्मनाक बताते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
थानों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं : भाजपा :
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही कथित अपराध में शामिल हों, तो महिलाओं का भरोसा कैसे कायम रहेगा। उन्होंने थानों और जेलों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था तथा पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा ने घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, आरोपी पुलिसकर्मी के निलंबन और कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पीड़िता को सुरक्षा एवं न्याय उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में राजेश मंडल, किशोर जैन, अजय चौधरी, राजू सरकार, संजय प्रमाणिक, उमा मंडल, रतन हजारी, रीतेश साहा, कैलाश पासवान, सिंटू घोष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।



