उधवा। जिले के उधवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण सरफराजगंज पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता बरतने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से काम कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिलर ढलाई के लिए मात्र दो फीट गड्ढा खोदकर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जबकि निर्माण की गुणवत्ता और मजबूती को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ठेकेदार को काम रोकने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराने को कहा, इसके बावजूद कार्य जारी रखा गया है। वहीं, निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित सूचना पट्ट (साइन बोर्ड) भी नहीं लगाया गया है। इससे ग्रामीणों को योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, कार्य अवधि एवं अन्य आवश्यक जानकारियां नहीं मिल पा रही हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, तकनीकी पदाधिकारियों से स्थल निरीक्षण करवाने तथा निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण आम लोगों की सुविधा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाना चाहिए।
इस संबंध में क्या कहते हैं कनीय अभियंता :
इस संबंध में कनीय अभियंता दिलिप कुमार ने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया।



