साहिबगंज। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की तैयारियों को लेकर शुक्रवार की सुबह कुर्मी समाज के दर्जनभर सदस्य शहर के पटेल चौक पहुंचे। यहां समाज के लोगों ने सरदार पटेल की प्रतिमा एवं आसपास के परिसर की पानी से साफ-सफाई की।
इस दौरान संजय पटेल ने बताया कि शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर समाज के लोग एकजुट होकर पटेल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उत्सव बैंक्वेट हॉल में समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने समाज के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। मौके पर बबलू सिन्हा, किशोर सिन्हा, संजय पटेल, रमन राय, अशोक सिन्हा, सत्यनारायण प्रसाद, संजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।



