साहिबगंज, संवाददाता। टाउन हॉल स्थित अनुमंडलीय पुस्तकालय में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले आठ महीने से मानदेय नहीं मिला है। इससे उनके सामने परिवार का खर्च चलाने की समस्या उत्पन्न हो गई है। दुर्गापूजा बीतने के बाद दीपावली और छठ महापर्व के बीच भी कर्मचारी बकाया भुगतान की आस लगाए बैठे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और उपायुक्त से जल्द भुगतान कराने की गुहार लगाई है।
पुस्तकालय अध्यक्ष संजय कुमार तिवारी ने बताया कि मानदेय नहीं मिलने से कर्मचारियों को घर-परिवार की जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 20 दिनों से जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में उपस्थिति विवरणी पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
पुस्तकालय में अध्यक्ष संजय कुमार तिवारी के अलावा सॉर्टर अमित कुमार ठाकुर, रात्रि प्रहरी संटू कुमार और अनुसेवक शिवलाल राम कार्यरत हैं। यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने पहुंचते हैं।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति विवरणी अभी उनके समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई है। विवरणी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी चाहते हैं कि प्रक्रिया जल्द पूरी कर बकाया मानदेय का भुगतान किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान परिवार की जरूरतें पूरी कर सकें।



