बरहरवा में वृद्ध और विधवा पेंशनधारियों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिली है. जनप्रतिनिधि भुगतान की मांग कर रहे हैं, नहीं तो आंदोलन की चेतावनी दी है.
बरहरवा। बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के वृद्ध एवं विधवा पेंशनधारियों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जतायी है. नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों ने अंचलाधिकारी अनोज कुमार के माध्यम से उपायुक्त, साहिबगंज को पत्र सौंपकर लंबित पेंशन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है. जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं होने पर अंचल कार्यालय में जन आंदोलन किया जायेगा.बार-बार सत्यापन से लाभुक परेशान
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पेंशन के सत्यापन के नाम पर कई बार प्रक्रिया पूरी करायी जा चुकी है. इसके बावजूद लाभुकों को पेंशन नहीं मिल रही है. बार-बार सत्यापन के लिए लाभुकों के घर जाने से वे भी परेशान हैं.
बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे लाभुक
उपायुक्त को सौंपे गये पत्र में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के IGNOAPS और IGNWPS के लाभुकों को कई महीनों से पेंशन की राशि नहीं मिल रही है. इससे वृद्ध और विधवा पेंशनधारियों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गयी है. कई लाभुक बीमारियों से ग्रसित हैं और आर्थिक तंगी के कारण उनके सामने जीवन-यापन का संकट उत्पन्न हो रहा है.
एक सप्ताह में भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन
जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त से मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पात्र पेंशनधारियों की लंबित राशि का जल्द भुगतान कराने का आग्रह किया है. पत्र में कहा गया है कि यदि एक सप्ताह के अंदर पेंशन का भुगतान नहीं किया गया, तो सभी जनप्रतिनिधि अंचल कार्यालय में जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
पत्र पर वार्ड पार्षद निशा रानी, अमित भारती, निर्मला कुमारी, छोटेलाल रामानी, रशीद शेख, डोली कुमारी, संतोष कुमार भगत, विजय कुमार, श्रुति दास, जितेंद्र कुमार सहित अन्य ने हस्ताक्षर किये हैं.



