बोरियो में 2 नवंबर को होने वाले डे-नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट में चार राज्यों की 16 टीमें हिस्सा लेंगी. विजेता को मिलेगी ट्रॉफी और नकद पुरस्कार.
साहिबगंज : बोरियो में 2 नवंबर को डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा. आदर्श स्पोर्ट्स वॉलीबॉल क्लब, बोरियो के तत्वावधान में प्रखंड कार्यालय परिसर मैदान में एक दिवसीय ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट खेला जाएगा. इसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता को लेकर क्लब के सदस्यों की बैठक में निर्णय लिया गया है.
क्लब के अध्यक्ष जयकांत भगत ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह नौ बजे शुरू होगी. वहीं, फाइनल मुकाबला फ्लड लाइट की रोशनी में देर रात तक खेला जाएगा.
चार राज्यों की 16 टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतिभागी टीमों में जमशेदपुर, धनबाद, हुगली, मुर्शिदाबाद, भागलपुर, भवनाथपुर, बेगूसराय, कटिहार, पूर्णिया, सुल्तानगंज, आजमगढ़, सकरिगली, गोड्डा, मोतीपहाड़ी, बोरियो और तीनपहाड़ की टीमें शामिल हैं.
विजेता और उपविजेता को मिलेगी ट्रॉफी
आयोजन समिति के अनुसार, विजेता टीम को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी दी जाएगी. उपविजेता टीम को भी नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा बेस्ट स्मैशर, बेस्ट लिफ्टर और बेस्ट डिफेंडर को भी अलग-अलग सम्मान मिलेगा.
मैदान में तैयारी तेज
प्रतियोगिता को लेकर मैदान की साफ-सफाई, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और लाइट-साउंड की तैयारी की जा रही है. क्लब अध्यक्ष जयकांत भगत ने कहा कि बोरियो में वॉलीबॉल के प्रति युवाओं में काफी उत्साह है. प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना है.
उन्होंने बोरियो प्रखंड के खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की.



