साहिबगंज में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 5 देसी कट्टे और 5 कारतूस बरामद किए हैं. इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है.
साहिबगंज: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज मुस्लिम टोला में पुलिस ने बुधवार रात छापेमारी कर एक घर से पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद किये। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद राजा नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूसों को जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।
गुप्त सूचना पर घर में छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेवगंज मुस्लिम टोला स्थित मोहम्मद राजा के घर में हथियार रखे गये हैं। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने बुधवार रात संबंधित घर में छापेमारी की।
इस दौरान घर से पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने सभी हथियारों और कारतूसों को जब्त कर लिया।
हथियार कहां से आये, जांच में जुटी पुलिस
हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने मोहम्मद राजा को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गयी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाये गये थे और उन्हें घर में रखने का क्या उद्देश्य था।
मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। जांच पूरी होने के बाद ही हथियारों से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



