झारखंड में चक्रवाती तूफान के असर से मौसम बदल गया है. रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है. रांची में KG से 12वीं तक के स्कूल 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे.
Jharkhand Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है. वहीं, बुधवार से पहले मंगलवार शाम करीब छह बजे से ही मौसम में बदलाव के साथ तेज हवाएं चलने लगी थीं. बुधवार सुबह बारिश और हवा का असर कई इलाकों में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
झारखंड में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
रांची के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवाती तूफान भीषण रूप में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. इसके बुधवार सुबह ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तट से टकराने के बाद तूफान की तीव्रता में कमी आने की संभावना है. इसके बावजूद झारखंड में बुधवार दोपहर बाद 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है. मौसम का यह प्रभाव 29 अक्टूबर को भी बने रहने की संभावना है.
रांची में KG से 12वीं तक के स्कूल दो दिन बंद
चक्रवाती तूफान अर्नब और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक की पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेगी. इसमें सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर यह निर्णय लिया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रांची को ऑरेंज अलर्ट क्षेत्र में चिह्नित किया गया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत यह फैसला लिया गया है.
आदेश के अनुसार, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उनके संबंध में विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है. वहीं, सभी संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
धनबाद, कोडरमा समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
वहीं, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.



