साहिबगंज में 22 करोड़ का क्रिटिकल केयर ब्लॉक दिसंबर तक तैयार होगा.यह गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित होगा, जिससे इलाज की सुविधाओं में सुधार होगा.
साहिबगंज. सदर अस्पताल परिसर में 22 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे छह मंजिला क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. दिसंबर तक भवन का काम पूरा होने की संभावना है. इसके बाद नए साल में मरीजों को यहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. राज्य सरकार की ओर से कराये जा रहे इस निर्माण कार्य से साहिबगंज में गंभीर मरीजों के इलाज की सुविधाओं का विस्तार होगा. ब्लॉक के शुरू होने से आपात स्थिति में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
एक ही भवन में मिलेंगी इलाज की कई सुविधाएं
झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से केएआर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भवन का निर्माण कराया जा रहा है. छह मंजिला यह ब्लॉक पूरी तरह वातानुकूलित होगा और इसमें 50 बेड की व्यवस्था रहेगी. गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए जाएंगे. फिलहाल भवन में बिजली की वायरिंग, पेंटिंग समेत अन्य बचे हुए कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं.
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में आईसीयू, एचडीयू, आइसोलेशन वार्ड, डायलिसिस, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच), इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर, एलडीआर और प्वाइंट ऑफ केयर लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. यहां भर्ती गंभीर मरीजों की हृदय गति, रक्तचाप और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण संकेतों की लगातार निगरानी की जाएगी. जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज उपलब्ध कराया जाएगा.
आईसीयू में 20 बेड, बच्चों के लिए अलग व्यवस्था
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में 20 बेड की आईसीयू बनाई जा रही है. इसमें बच्चों के इलाज के लिए चार बेड निर्धारित होंगे. आईसीयू में 20 वेंटिलेटर, 20 सिरिंज पंप और पांच इन्फ्यूजन पंप सहित आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान है. इसके अलावा लैरिंगोस्कोप, इंफ्रारेड थर्मामीटर, एम्बु बैग, रक्तचाप मापने की मशीन, ऑप्थैल्मोस्कोप, पोर्टेबल वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे और पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं भी रहेंगी.
गंभीर मरीजों के लिए 24 घंटे चिकित्सा सेवा की योजना
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जाएगी. आईसीयू, स्टेप-डाउन यूनिट, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर में जरूरत के अनुसार नर्सों की व्यवस्था रहेगी. योजना के मुताबिक, यहां चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके.
गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित होगा ब्लॉक : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ रामदैव पासवान ने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित होगा. यहां आपातकालीन चिकित्सा सेवा, आवश्यक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी. गंभीर मरीजों को भर्ती करने के बाद उनकी स्थिति के अनुसार जरूरी चिकित्सा सुविधाएं एक ही भवन में मिल सकेंगी. उन्होंने बताया कि मरीजों को ये सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी.
दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
केएआर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर अजित कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. भवन में बिजली की वायरिंग, पेंटिंग और अन्य बचे हुए कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं. दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है.



