जर्जर सड़क और पाइपलाइन की खोदी गई मिट्टी से हादसे का खतरा, कार्रवाई की चेतावनी
बोरियो। बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर सफर करने वाले वाहन चालक सावधान रहें। सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे और जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई मिट्टी सड़क पर छोड़ दिए जाने से परेशानी और बढ़ गई है।
कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब :
धौगड़ा, डालाबाड़ी, चमदी पहाड़ और रक्सी स्थान के समीप सड़क जर्जर हो चुकी है। वहीं, लावा पहाड़ इमलीगाछ के पास मुख्य सड़क पर मिट्टी का ढेर छोड़ दिया गया है। यह क्षेत्र पहले से दुर्घटना संभावित माना जाता है। स्थानीय स्तर पर इस लापरवाही को लेकर चिंता जताई जा रही है।
बताया जाता है कि 30 मई को इसी स्थान के समीप सड़क दुर्घटना में झारखंड पुलिस के जवान हृदयनाथ सरकार समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। कुछ माह पहले टेंपो दुर्घटना में एक वृद्ध की भी जान चली गई थी।
सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज साह ने कहा कि सड़क की सफेद पट्टी के भीतर मिट्टी का ढेर नहीं होना चाहिए। किसी कंपनी की लापरवाही सामने आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



