अचानक बिगड़ी तबीयत, देर रात कराया गया था अस्पताल में भर्ती
वर्ष 2025 में साहिबगंज में दिए थे योगदान और ढाई माह पहले ही संभाले थे एलडीएम की जिम्मेदारी
साहिबगंज। साहिबगंज जिले के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) प्रभु दयाल टोपनो का मंगलवार सुबह अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मध्यरात्रि में साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन सुबह अचानक हृदय गति रुकने से उन्होंने अंतिम सांस ली।
मृतक की पत्नी मुनुरेन टोपनो ने बताया कि प्रभु दयाल टोपनो इससे पहले सामान्य रूप से स्वस्थ थे। सोमवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें काफी परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें तत्काल साहिबगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान सुबह उनकी स्थिति अचानक गंभीर हो गई और हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। बताया गया कि प्रभु दयाल टोपनो का वर्ष 2025 में साहिबगंज में पदस्थापन हुआ था। करीब ढाई महीने पहले उन्हें साहिबगंज के एलडीएम पद की जिम्मेदारी मिली थी। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही जिले के बैंकिंग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी एक बेटी आकांक्षा टोपनो है, जो पढ़ाई के सिलसिले में कुछ दिन पहले ही लंदन गई हुई हैं। पिता के आकस्मिक निधन की खबर से परिवार का दुख और गहरा हो गया है।

बैंकिंग अधिकारियों और कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचकर जताया शोक :
प्रभु दयाल टोपनो के निधन की जानकारी मिलते ही साहिबगंज जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी सदर अस्पताल पहुंचे। स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार, चीफ मैनेजर आलोक रंजन, आरसीटी डायरेक्टर पीके झा, एफएलसी विजय आर्या, गौतम साह, चंदन कुमार पाण्डेय, एलडीएम कार्यालय के कर्मचारी समेत कई बैंककर्मी सदर अस्पताल पहुंचे और दिवंगत एलडीएम को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
अभी करीब छह वर्ष की सेवा थी शेष, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ :
परिजनों के अनुसार, प्रभु दयाल टोपनो की नौकरी में अभी करीब छह वर्ष की सेवा अवधि शेष थी। अचानक हुए निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी एक बेटी है, जो कुछ दिन पहले ही पढ़ाई के सिलसिले में लंदन गई हुई है। पिता के निधन की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। प्रभु दयाल टोपनो की पत्नी भी नर्सिंग के क्षेत्र में सेवा दे रही हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब उनके पार्थिव शरीर को मोक्ष वाहिनी वाहन से रांची ले जाने के लिए सदर अस्पताल से रवाना किया गया, तो मौके पर मौजूद बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया और सभी ने नम आंखों से दिवंगत एलडीएम को अंतिम विदाई दी।

इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को मोक्ष वाहिनी वाहन के माध्यम से रांची ले जाया गया, जहां उनका परिवार रहता है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रांची में ही किया जाएगा। प्रभु दयाल टोपनो के आकस्मिक निधन से साहिबगंज के बैंकिंग क्षेत्र में गहरा शोक है। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।



