दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली दुर्घटनाओं से बचने के लिए JBVNL ने सुरक्षित बिजली कनेक्शन और मानक उपकरणों के इस्तेमाल की अपील की है. बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं.
Durga Puja 2026: दुर्गा पूजा के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने पूजा आयोजकों और आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. निगम ने पूजा पंडालों में सुरक्षित बिजली कनेक्शन लेने, मानक के अनुरूप उपकरणों का इस्तेमाल करने और बिजली के तारों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है. इस संबंध में निगम की ओर से सूचना जारी की गई है.
वैध कनेक्शन और सुरक्षित उपकरणों का करें इस्तेमाल
जेबीवीएनएल ने कहा है कि पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग किया जाए. कनेक्शन के लिए निर्धारित लोड के अनुरूप एमसीबी, आइसोलेटर और मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाये जायें. इन उपकरणों का इस्तेमाल प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की देखरेख में किया जाना चाहिए. पंडालों में सजावट, लाइटिंग और जनरेटर कनेक्शन के लिए इस्तेमाल होने वाले बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से लगाना जरूरी है. बिजली के केबल और अन्य उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने की सलाह दी गई है. बिजली के पैनल में लगे उपकरणों को ढककर रखना और उन्हें भीड़ से सुरक्षित दूरी पर रखने को भी कहा गया है.
बिजली के तारों से बनाए रखें सुरक्षित दूरी
जेबीवीएनएल ने अपील की है कि पूजा पंडालों का निर्माण बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाकर किया जाये. बिजली के खंभों, तारों और अन्य उपकरणों को छूने या किसी डंडे अथवा दूसरे माध्यम से उनके संपर्क में आने का प्रयास नहीं करें. पंडालों में इस्तेमाल होने वाले बिजली के उपकरणों की निगरानी कंट्रोल पैनल या स्विच पैनल के पास प्रशिक्षित विद्युतकर्मी से कराने की सलाह दी गयी है. आग लगने की आशंका को देखते हुए उचित स्थान पर अग्निशामक यंत्र और बालू भरी बाल्टी रखने को भी कहा गया है.
विसर्जन जुलूस में भी बरतें सावधानी- JBVNL
निगम ने मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. विसर्जन के दौरान वाहनों की छत पर किसी व्यक्ति को नहीं बैठाने और ऐसी कोई सामग्री नहीं रखने को कहा गया है, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने का खतरा हो. जुलूस में शामिल लोगों को बिजली के खंभों और तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
बिजली आपूर्ति में किसी तरह की समस्या या शिकायत होने पर उपभोक्ता जेबीवीएनएल के शिकायत निवारण केंद्र से संपर्क कर सकते हैं. निगम ने रांची के बिजली अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि पूजा के दौरान बिजली से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके.
शिकायत के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
- विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची : 9431135682
- जेबीवीएनएल जन शिकायत निवारण केंद्र : 9031110118, 9031110119 एवं 9031110120
रांची के बिजली अधिकारियों के संपर्क नंबर
| अधिकारी/प्रमंडल | मोबाइल नंबर |
| विद्युत अधीक्षण अभियंता, रांची | 9431135662 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची (केंद्रीय) | 9431135613 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, डोरंडा | 9431135608 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, न्यू कैपिटल | 9431135620 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची (पूर्वी) | 9431135614 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची (पश्चिमी) | 9431135664 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कोकर | 9431135615 |
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, हटिया | 9431135616 |



