ईस्टर्न झारखंड चैंबर ने एटीएम में पर्याप्त कैश और डिजिटल बैंकिंग सेवा सुचारू रखने की मांग की
साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने लगातार तीन दिवसीय बैंक बंदी को लेकर व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था व्यापार और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से कैश सर्कुलेशन, भुगतान और कारोबार से जुड़े कई कार्यों पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि साहिबगंज में पत्थर उद्योग, कृषि मंडी और खुदरा व्यापार से जुड़े कारोबार में रोजाना बड़ी संख्या में बैंकिंग लेन-देन होते हैं। बैंक बंदी से ट्रक भाड़ा, मजदूरी, माल की खरीद-बिक्री तथा जीएसटी समेत अन्य भुगतानों में परेशानी हो सकती है। चैंबर ने केंद्र सरकार, आरबीआई और बैंक प्रबंधन से बंदी के दौरान एटीएम में पर्याप्त नकदी, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई सेवा सुचारू रखने की मांग की है। साथ ही चेक क्लीयरेंस के लिए विशेष व्यवस्था करने का आग्रह किया है।



