चांया गांव में खाने-पीने के विवाद के बाद 67 वर्षीय महिला की हत्या. बुढ़मू पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शुरू की जांच, गांव में दहशत का माहौल.
Ranchi Crime: बुढ़मू थाना क्षेत्र के चांया गांव में मंगलवार की रात 67 वर्षीय ननकी देवी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
खाने-पीने के दौरान विवाद के बाद हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खाने-पीने के दौरान हुए आपसी विवाद के बाद महिला की हत्या किए जाने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन कर रही है.
परिजनों ने कुछ लोगों पर जतायी संलिप्तता की आशंका
मृतका के परिजनों ने घटना में कुछ संदिग्ध लोगों की संलिप्तता की आशंका जतायी है. इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर संदिग्ध लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस आवेदन और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
जल्द गिरफ्तारी का थाना प्रभारी ने दिया भरोसा
थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने बताया कि मामले में गहन छानबीन की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.



