साहिबगंज। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की आजाद नगर शाखा एवं साहिबगंज कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में विश्व बंधुत्व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। सदर अस्पताल की टीम की देखरेख में कुल 12 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
शिविर के आयोजन में साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान देने का संदेश दिया गया।
देशभर में एक लाख यूनिट रक्तदान का लक्ष्य
संस्था की ओर से कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं बरखा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं स्मृति दिवस के अवसर पर 21 से 25 अगस्त 2026 तक पूरे भारत एवं नेपाल में एक लाख यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।



