उधवा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो प्रसारित करने, मारपीट और धमकी देने के आरोप से जुड़े मामले में राधानगर थाना पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार देर रात फुदकीपुर गोहलवाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया। वह मामले में नामजद आरोपी और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हबीबुर शेख का पिता बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक विवाहिता ने राधानगर थाना में लिखित शिकायत देकर अपने पति हबीबुर शेख पर आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया था। शिकायत में पति हबीबुर शेख, ससुर नूर मोहम्मद समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया था। महिला ने मारपीट और धमकी देने का आरोप भी लगाया था।शिकायत के आधार पर राधानगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिकी में डीपी एक्ट की धारा 3/4 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(ई) एवं 67(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 जुलाई को फुदकीपुर गोहलवाड़ी निवासी हबीबुर शेख को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में राधानगर थाना पुलिस को नूर मोहम्मद के संभावित ठिकाने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार रात छापेमारी की और नूर मोहम्मद को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



