दस्तावेजों की समस्या के त्वरित समाधान को लेकर सीओ ने अंचल कर्मियों के साथ की बैठक
उधवा। अंचल कार्यालय उधवा में शुक्रवार को अंचल अधिकारी आशीष कुमार की अध्यक्षता में अंचल कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा उनके सत्यापन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
तत्काल सेवा से निर्गत होंगे जाति व निवास प्रमाण पत्र
बैठक के दौरान अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत नोटिस मिलने के बाद कई मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता पड़ रही है। ऐसे मामलों में मतदाताओं को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसके लिए अंचल स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित प्रमाण पत्रों को तत्काल सेवा के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर निर्गत करने का निर्देश दिया गया है। सीओ ने अंचल कर्मियों को निर्देश दिया कि एसआईआर से संबंधित मामलों में आने वाले आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन का कार्य नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि प्रमाण पत्र के अभाव में किसी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा मतदाताओं को आवश्यक प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में राजस्व उप निरीक्षक हैदर अली, अंचल निरीक्षक बबलू यादव, लक्ष्मी कुमार समेत अन्य अंचल कर्मी उपस्थित थे।



