11 दिन की बेटी और डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गया अमर, परिवार का था इकलौता कमाने वाला
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के तालबन्ना में बुधवार सुबह चापाकल में लगे मोटर के संपर्क में आने से 23 वर्षीय अमर पासवान की करंट लगने से मौत हो गई। अमर, तालबन्ना निवासी राजेश पासवान का पुत्र था। घटना के बाद परिजन व ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार अमर सुबह किसी काम से घर से निकला था। घर से कुछ दूरी पर स्थित चापाकल के पास पहुंचने पर वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चापाकल में लगे मोटर के कारण उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम डॉ. मोहन मुर्मू ने किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमर निजी स्तर पर बिजली मिस्त्री का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी, 11 दिन की नवजात बेटी और डेढ़ वर्षीय पुत्र हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे तालबन्ना में मातम पसरा है।



