साहिबगंज। मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत सदर अस्पताल के सभागार में बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान एवं नोडल पदाधिकारी डॉ. किरण माला ने दीप प्रज्वलित कर की।
इस दौरान डॉ. अर्शी खानम ने मानसिक स्वास्थ्य के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला मरीज बीमारी के साथ तनाव और भावनात्मक परेशानियों से भी जूझ सकता है। ऐसे में सकारात्मक सहयोग उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, मानसिक स्वास्थ्य टीम एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



