नोटिस के साथ वंशावली, जमीन व अन्य कागजात लेकर पहुंचे लोग; नाम जोड़ने की प्रक्रिया की दी जानकारी
बरहेट (साहिबगंज)। आवाज प्रतिनिधि। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को बरहेट प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे। नोटिस प्राप्त ग्रामीणों के दस्तावेजों का अधिकारियों की मौजूदगी में सत्यापन किया गया। लोगों ने मतदाता सूची में नाम से जुड़ी समस्याओं और सुधार को लेकर जानकारी भी ली।
दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील:
प्रखंड प्रमुख सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बर्नार्ड मरांडी ने आदिवासी समुदाय के ग्रामीणों से बातचीत कर एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। नोटिस प्राप्त लोग वंशावली, जमीन संबंधी कागजात, जाति प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
बीडीओ ने लोगों से जागरूक रहने को कहा:
बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने ग्रामीणों से एसआईआर अभियान को लेकर जागरूक रहने और आसपास के अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र लोग सक्रिय रूप से प्रक्रिया में भाग लें और मतदाता सूची में नाम जोड़ने या आवश्यक सुधार से संबंधित कार्रवाई समय पर पूरी करें। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा झामुमो के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



