शौचालय, पेयजल और बिजली व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव; हर माह होगी विद्यालय की समीक्षा
बरहेट (साहिबगंज)। आवाज प्रतिनिधि। पंचकठिया बाजार स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में नई विद्यालय प्रबंध समिति के गठन के बाद मंगलवार को पहली मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष संतोष कुमार भगत उर्फ बेचन भगत ने की। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों को जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष जोर:
बैठक में सदस्यों ने विद्यालय के शौचालयों की नियमित सफाई, सभी कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी के लिए लाइट की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा बिजली की समस्या से निपटने के लिए इनवर्टर लगाने, जर्जर भवनों की मरम्मत कराने और विद्यालय में आवश्यक अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रस्ताव रखा गया। समिति सदस्यों ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
हर माह 25 तारीख को होगी समीक्षा बैठक:
बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक माह की 25 तारीख को समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में उपाध्यक्ष पूनम दत्ता, प्रधानाध्यापक अमित कुमार प्रमाणिक सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



