उधवा। प्रखंड क्षेत्र के पतौड़ा पंचायत अंतर्गत पहाड़ गांव में विधायक मद से बोरिंग के स्थल चयन को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों ने स्थल को गांव की आबादी और पेयजल की जरूरत के लिहाज से अनुपयुक्त बताते हुए बोरिंग का स्थान बदलने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर बोरिंग कराने की तैयारी की जा रही हैं संबंधित जमीन पर फिलहाल कोई घर-द्वार नहीं है और वह खाली पड़ी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि उक्त स्थान पर बोरिंग होने से आम लोगों को इसका कितना सीधा लाभ मिल पाएगा।बोरिंग की तैयारी की जानकारी मिलने पर रविवार को कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काम का विरोध किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई परिवार पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में बोरिंग को आबादी के बीच या ऐसे सार्वजनिक स्थल पर कराया जाए, जहां से अधिक से अधिक परिवारों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके। उनका कहना था कि विधायक मद की राशि का इस्तेमाल व्यापक जनहित में होना चाहिए। ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच प्रस्तावित स्थल पर बोरिंग नहीं कराने और पेयजल की वास्तविक जरूरत वाले स्थान का चयन कर वहां बोरिंग कराने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों का विरोध समाप्त हुआ। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि फिरोज शेख, मुबारक शेख, मोहर्रम शेख, कादिर शेख, अनारुल शेख, पिंटू शेख, शाहिद शेख, दाउद शेख समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे।



