उत्तर पलासगाछी में बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने गई थी पुलिस टीम, 21 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर दर्ज है केस
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पलासगाछी में बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में नामजद एक आरोपी शाहजुल शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, जून माह में उत्तर पलासगाछी में कुछ लोगों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और बंधक लोगों को मुक्त कराने के लिए राधानगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा और आरोपियों की ओर से पथराव किया गया था। घटना में पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया था। घटना के बाद राधानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 229/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 40 से 50 अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग के आधार पर नामजद आरोपी शाहजुल शेख की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी अभियान में एसआई संग्राम सिंह सहित राधानगर थाना के अन्य पुलिस जवान शामिल थे।



