—– विधानसभा में एसआईआर के मुद्दे पर राजमहल विधायक ने उठायी आवाज, पुराने दस्तावेजों और विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर जतायी चिंता
साहिबगंज: झारखंड विधानसभा में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) और घुसपैठ के मुद्दे पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांग्ला भाषी लोगों को घुसपैठिया कहना बंद किया जाना चाहिए। भाषा या रिश्तेदारी के आधार पर किसी को घुसपैठिया करार देना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठ के मुद्दे को राजनीतिक रूप देकर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।
पुराने दस्तावेजों को लेकर उठाये सवाल
विधायक ने कहा कि पुराने समय में बिहार, बंगाल और ओडिशा की प्रशासनिक व्यवस्था आपस में जुड़ी हुई थी। उस दौरान कई सरकारी दस्तावेज बांग्ला भाषा में तैयार किये गये थे। झारखंड गठन से पहले उधवा क्षेत्र के लोगों के जमीन संबंधी दस्तावेज पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक सहित अन्य निबंधन कार्यालयों में बने थे। ऐसे में राज्य की सीमाएं बदलने के आधार पर पुराने दस्तावेजों को खारिज करना उचित नहीं है।
अंबेडकर नगर के मतदाताओं का मामला उठाया
उन्होंने एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर चिंता जताते हुए कहा कि पुराने दस्तावेजों में नाम, उम्र और वर्तनी की मामूली त्रुटियों के कारण लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। राजमहल प्रखंड के अंबेडकर नगर का मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों से निवास कर रहे और मतदान करते आ रहे कई लोगों के नाम हटाये जाने की शिकायतें मिली हैं। जमीन के कागजात नहीं होने मात्र से किसी की मतदाता पात्रता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।
विधायक ने गंगा कटाव से विस्थापित परिवारों के लिए वैकल्पिक दस्तावेजों और स्थानीय सत्यापन की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और गरीब मतदाताओं की सहायता के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र बनाने की बात कही। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने तथा किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित नहीं करने की मांग की।



