—— आईपीआरपी जहीरुल शेख पर महिला ने लगाया मानसिक प्रताड़ना और अभद्र संदेश भेजने का आरोप, बीपीएम ने कहा- मामला उपायुक्त के पास लंबित
बोरियो/साहिबगंज: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) में महिला कर्मी की शिकायत और उसके बाद सेवा से मुक्त किए जाने का मामला सामने आया है। जेएसएलपीएस की एमआईएस असिस्टेंट पूजा रूज ने आईपीआरपी जहीरुल शेख पर व्हाट्सएप के माध्यम से अमर्यादित एवं आपत्तिजनक संदेश भेजने और कार्यालय में मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही सेवा से मुक्त कर दिया गया।
शिकायत के बाद कार्रवाई पर उठाये सवाल
पूजा रूज के अनुसार, उन्होंने मामले को लेकर दो बार जेएसएलपीएस के वरीय अधिकारियों और उप विकास आयुक्त के समक्ष साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई तथा न्याय की मांग की। उनका आरोप है कि जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई और उन्हें ही काम से हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पूजा ने वर्ष 2024 में भी कुछ महिला कर्मियों द्वारा जहीरुल शेख के विरुद्ध आवाज उठाने की बात कही है।
बीपीएम के बयान से बढ़ा विवाद
महिला ने बीपीएम संजीव कुमार पर आरोप लगाया कि जहीरुल शेख के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने पर उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकती, क्योंकि उन पर स्टेट का दबाव है और उनकी पहुंच काफी ऊपर तक है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
पूजा रूज ने मामले की निष्पक्ष जांच, जहीरुल शेख के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच और कथित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित जेएसएलपीएस में ही महिला कर्मियों के साथ इस तरह की शिकायतें सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
आरोप बेबुनियाद, मामला लंबित:
इधर, बीपीएम संजीव कुमार ने कहा कि महिला को सेवा से मुक्त नहीं किया गया है। उनके द्वारा लगाया सभी आरोप बेबुनियाद है। फिलहाल मामला उपायुक्त महोदय के पास लंबित है और इसकी जांच चल रही है।



