साहिबगंज में जमीन कब्जाने की कोशिश का खुलासा, मारपीट मामले में 5 बाउंसर गिरफ्तार, अल्फा बाउंसर ग्रुप का संचालक भी पुलिस की गिरफ्त में।
साहिबगंज. साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और जमीन पर कब्जा कराने के लिए बाउंसर बुलाने व धमकाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने छापेमारी कर पांच बाउंसरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में अल्फा बाउंसर ग्रुप का संचालक भी शामिल है. शनिवार को एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
चार आरोपी गोड्डा, एक साहिबगंज का
गिरफ्तार आरोपितों में गोड्डा जिले के नगर थाना क्षेत्र के गंगटा चौक निवासी शिवम कुमार शामिल हैं, जो अल्फा बाउंसर ग्रुप के संचालक हैं. इनके अलावा गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकबरी निवासी अनिल कुमार मिश्रा (32), साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित ग्रीन होटल के पास रहने वाले पियुष कुमार (20), गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा निवासी ललन कुमार सिंह तथा नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड निवासी सुधांशु रंजन को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों में चार गोड्डा और एक साहिबगंज जिले के निवासी हैं.
17 नवंबर को जमीन विवाद में हुई थी मारपीट
एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि 17 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस संबंध में मोहन सोरेन, पिता फाटे सोरेन, ग्राम सिमलढाब के आवेदन पर बरहेट थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज किया गया था. मामले में पांच नामजद जॉन चुंडा हसदा, इगनासुस हसदा, रोशनी हसदा, शुभम कुमार और 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
दोबारा बाउंसर बुलाने की सूचना पर छापेमारी
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया. इसी दौरान 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में फिर से बाउंसर बुलाये जा रहे हैं. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांचों बाउंसरों को गिरफ्तार कर लिया.
अल्फा एजेंसी में 18 से 20 बाउंसर कार्यरत
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अल्फा बाउंसर एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा उपलब्ध कराने का काम करते हैं. एजेंसी में करीब 18 से 20 बाउंसर काम करते हैं. उनके पास लाइसेंसी एयरगन भी है. पूछताछ में यह बात सामने आयी कि निजी जमीन पर कब्जा कराने के उद्देश्य से उनसे संपर्क किया गया था. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
छापेमारी दल में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, शंभू शंकर सिंह, विक्रम कुमार, जितेंद्र मरांडी सहित बरहेट थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे.



