मांगें पूरी नहीं होने पर फिर शुरू होगा आंदोलन
बोरियो। शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय, बोरियो में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का चल रहा आंदोलन तीसरे दिन महाविद्यालय प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। प्राचार्य आदिल राशिद, डिग्री महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नजरुल इस्लाम और बीडीओ नागेश्वर साव ने छात्रों को उनकी पांच प्रमुख मांगों पर 15 दिनों के भीतर पहल करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों ने छात्रों को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया।

छात्र नेता सुनील बास्की ने कहा कि उन्हें 15 दिनों का लिखित आश्वासन मिला है। निर्धारित समय में मांगों पर पहल नहीं हुई तो सभी छात्र दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। वहीं, छात्र शिव मरांडी ने छात्रावास की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां हमेशा भय का माहौल बना रहता है। ऐसे वातावरण में पढ़ाई करना मुश्किल है।
मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक संजय दादा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित और राष्ट्रहित के मुद्दों को हमेशा प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान लखीराम मुर्मू, दीपक रक्षित, बटी मरांडी, मनोज हांसदा, मरंगमय मुर्मू, होपनमय किस्कू, पीयूष दत्त, संजय हांसदा, प्रवीण कुमार और पटवारी मुर्मू सहित दर्जनों छात्र मौजूद थे।



