साहिबगंज, 30 अगस्त। संवाददाता। साहिबगंज में पहली बार झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 20वीं झारखंड राज्य जूनियर (बालक एवं बालिका) कबड्डी प्रतियोगिता-2026 की औपचारिक घोषणा की गई। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 सितंबर तक सकरीगली स्थित रेलवे ग्राउंड में होगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। निर्धारित आयु वर्ग के वैसे खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे, जिनकी जन्म तिथि 4 नवंबर 2006 के बाद की है।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। “खेल भावना, अनुशासन और एकता—यही हमारी पहचान” के संदेश के साथ तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।



