बरहेट/साहिबगंज। प्रखंड क्षेत्र के पंचकठिया बाजार में नव युवक क्लब की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। अंतिम दिन कथा वाचक संजय कृष्ण महाराज ने कथा का सार बताते हुए कहा कि केवल कथा सुनने से ही उसका पूर्ण लाभ नहीं मिलता, बल्कि कथा में बताए गए संदेशों को जीवन में आत्मसात करने से कथा श्रवण और वाचन दोनों सफल होते हैं।
सात दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में कथा वाचक ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराया। इस दौरान भगवान की भक्ति, सत्य, धर्म एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अच्छे कर्म करने का संदेश दिया गया। विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
नव युवक क्लब पंचकठिया बाजार की ओर से लगातार 14 वर्षों से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष सुरेश कुमार शाह, सचिव प्यारकांत साह, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश शाह समेत क्लब के सभी सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वहीं मंगलवार को दोपहर 2 बजे से गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। क्लब सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



