साहिबगंज, संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के गोराबाड़ी हटिया निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार नगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरी की घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर मनीष कुमार की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें घटना से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं।
नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




