तालझारी/साहिबगंज। तालझारी थाना क्षेत्र के तीनपहाड़-बोरियो मुख्य मार्ग स्थित बेहरा मोड़ के समीप शनिवार को अलकतरा लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार टैंकर संख्या WB 29 BO 100 बोरियो की ओर से आ रहा था। बेहरा मोड़ के तीखे घुमाव पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक के हाथ में गहरी चोट आई। टैंकर पलटने के बाद उसमें लदा काफी मात्रा में अलकतरा सड़क किनारे फैल गया।घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने प्राथमिक सहायता देने के साथ प्रशासन को घटना की सूचना दी।

खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि बेहरा मोड़ की बनावट काफी खतरनाक है और यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसे को रोका जा सके।




