अभिभावकों की सर्वसम्मति से हुआ चयन, शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यालय विकास पर दिया गया जोर

उधवा। झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची के निर्देशानुसार गुरुवार को उधवा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, श्रीवास मंडल टोला में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही।सर्वसम्मति से अब्दुल रज्जाक को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा कौसरा बीबी को उपाध्यक्ष चुना गया।समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) उधवा द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक सह सीआरसी बाबूलाल मंडल की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ-साथ अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। पर्यवेक्षक ने उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए कहा कि समिति विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास, बच्चों की बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए सभी सदस्यों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर कार्य करेंगे।मौके पर शिक्षक शमशुल हक, ग्रामीण बबलू शेख, जाहिर शेख, मुबारक शेख, माया बीबी, फिरोजा बीबी, नूरुद्दीन शेख सहित कई अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




