साहिबगंज। अनुमंडल भवन स्थित एसडीपीओ कार्यालय में शुक्रवार को मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ सुशील कुमार ने की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन एवं नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत करने, पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडे सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।




