किशोरियों को सरकारी योजनाओं, अधिकारों और सुरक्षा उपायों की दी गई जानकारी
साहिबगंज। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के निर्देश पर जमुना दास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय, साहिबगंज में किशोरियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह मुक्त भारत, बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, डिजिटल साक्षरता, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, डायन प्रथा उन्मूलन एवं सखी वन स्टॉप सेंटर सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की गई।
शिक्षा जारी रखने और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील

जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने किशोरियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बालिकाओं से शिक्षा को निरंतर जारी रखने, सुरक्षित एवं जागरूक रहने तथा बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। इस दौरान 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, प्रायोजन योजना, आफ्टर केयर एवं फोस्टर केयर जैसी सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ बेटी के नाम” पहल के तहत किशोरियों ने पौधारोपण किया। साथ ही बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण कर मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संरक्षण पदाधिकारी (गैर-संस्थागत देखरेख) मीना कुमारी, परियोजना समन्वयक मंथन अमन वर्मा, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन मो. इकबाल, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




