आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई, 19 वर्षीय युवक के पास से छीना गया मोबाइल बरामद
बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। कामाख्या–गया एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्री का मोबाइल छीनने के मामले में आरपीएफ बरहरवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय इरफान अंसारी, निवासी मोगलपारा, बरहरवा के रूप में हुई है। उसके पास से यात्री का ओप्पो एफ21 प्रो 5जी मोबाइल बरामद किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रिले हट ईस्ट केबिन के पास छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने 10 अगस्त को ट्रेन संख्या 15620 के जनरल कोच में यात्री से मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की है।
आरपीएफ ने बरामद मोबाइल और गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सौंप दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




