घर में घुसकर 8 हजार नकद व सोने की अंगूठी ले जाने का आरोप
सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, मोटर, इनवर्टर व पंखा भी ले गए हमलावर
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के बड़ी लोहंडा बिंद गांव में सेवानिवृत्त पंचायत सचिव राजेंद्र दास के नवनिर्मित घर में दिनदहाड़े मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिरवाबाड़ी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
दरवाजा नहीं खोलने पर तोड़कर घर में घुसे:
पीड़ित राजेंद्र दास के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे वह अपने नवनिर्मित घर में अकेले आराम कर रहे थे। इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं, मुख्य गेट पर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। बाहर झांकने पर उन्होंने कई लोगों को लाठी-डंडे एवं अन्य हथियारों से लैस देखा। स्थिति को देखते हुए उन्होंने गेट नहीं खोला और खुद को कमरे में बंद कर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले मुख्य गेट और फिर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद राजेंद्र दास के साथ मारपीट की गई तथा पास में रखे 8 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी छीन ली गई।
सीसीटीवी समेत घरेलू सामान ले जाने का आरोप:
राजेंद्र दास ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में लगे चार सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर, पानी का मोटर, इनवर्टर, पंखा समेत अन्य सामान भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने घर खाली करने की धमकी दी और मकान नहीं छोड़ने पर अगली बार जान से मारने की बात कही।
पीड़ित ने बताया कि घटना में शामिल कुछ लोगों को वह पहचानते हैं और उनके नाम पुलिस को दिए गए हैं। वहीं जिरवाबाड़ी थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले के सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पीड़ित राजेंद्र दास एवं उनकी पत्नी ने पुलिस प्रशासन से मामले में न्याय दिलाने, लूटे गए सामान की बरामदगी कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



