राखी बांध बहनों ने मांगी भाइयों की खुशहाली, बाजारों में दिनभर रही चहल-पहल
बरहरवा। संवाददाता। बरहरवा मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन पारंपरिक रीति-रिवाज और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तिलक-आरती के बाद बांधी राखी, भाइयों ने दिया उपहार:
बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों का तिलक किया और आरती उतारने के बाद राखी बांधी। इसके बाद मिठाई खिलाकर भाइयों की सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर हर सुख-दुख में साथ निभाने और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी पर्व मनाने अपने घर पहुंचे।
बाजार से मंदिर तक दिखी पर्व की रौनक:
रक्षाबंधन को लेकर मुख्य बाजार, कॉलेज रोड, सब्जी मंडी और स्टेशन चौक सहित विभिन्न इलाकों में राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर भीड़ रही। बच्चों, महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह दिखा। वहीं शिवालयों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।



