काशी तमिल संगमम 5.0 का रांची के CUJ में शुभारंभ हुआ। छात्रों ने उत्तर-दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को करीब से जाना।
रांची : काशी तमिल संगमम 5.0 का देशभर में शुभारंभ किया गया. वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. झारखंड में नोडल सेंटर के रूप में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे), रांची में भी काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया. इसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविध विरासत, कला और परंपराओं को करीब से जाना.
उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति से रूबरू हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अलग-अलग गतिविधियों के जरिये उत्तर और दक्षिण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को समझा. इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देना है. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेढ़ेकर ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध परंपराओं और आपसी एकता में है. काशी तमिल संगमम जैसे आयोजन देश के अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को समझने और साझा करने का अवसर देते हैं. साथ ही, आपसी संवाद को भी बढ़ावा देते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की भावना को अपनाने का आह्वान किया.
विविधता में एकता के संदेश के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया. इस सांस्कृतिक समागम के जरिये विद्यार्थियों को भारत की विविध भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम का समापन विविधता में एकता के संदेश के साथ हुआ.



