उपायुक्त को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग
बरहेट। आवाज प्रतिनिधि। बरहेट प्रखंड के झबरी गांव निवासी गोबिंद पंडित ने पूर्व पंचायत सेवक श्याम चंद्र साह पर आबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में गोबिंद पंडित ने आरोप लगाया है कि पंचायत सेवक ने बीते वर्ष 10 हजार रुपये लेकर एक महीने के भीतर आबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया था। गरीब परिवार से होने के कारण उन्होंने आवास की जरूरत को देखते हुए राशि दे दी। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला।
आवेदक के अनुसार, राशि वापस मांगने पर भी पंचायत सेवक द्वारा टालमटोल की जाती रही। इसी बीच संबंधित पंचायत सेवक का तबादला बरहरवा प्रखंड में हो गया। गोबिंद पंडित ने उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है।



