राजमहल प्रखंड कार्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर पदाधिकारियों व कर्मियों ने संविधान के सिद्धांतों का सम्मान करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
राजमहल. संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजमहल प्रखंड कार्यालय परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मोहम्मद यूसुफ ने प्रखंड एवं अंचल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलायी.
निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की अपील
बीडीओ सह सीओ मोहम्मद यूसुफ ने संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए.
कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.



