एनपीएस के विरोध में रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने आंदोलन शुरू किया है. कर्मचारी राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर एनपीएस की जगह पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग कर रहे हैं.
रांची: एनपीएस (नई पेंशन योजना) के विरोध में रिम्स के अराजपत्रित कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है. रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर रिम्स के अराजपत्रित कर्मचारियों को भी एनपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में शामिल करने की मांग की है. संघ ने इस संबंध में रिम्स निदेशक को पत्र देकर आंदोलन की जानकारी दी है.चार वर्षों से लंबित है ओपीएस का मामला
संघ के अनुसार, ओपीएस लागू करने की मांग को लेकर पूर्व में कई बार आवेदन दिया जा चुका है. रिम्स शासी परिषद की बैठकों में भी इस संबंध में निर्णय लिये जाने के बावजूद करीब चार वर्षों से मामला लंबित है. संघ का कहना है कि मामले में हो रही देरी के दौरान कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों की मृत्यु भी हो चुकी है.
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाई का दावा

संघ ने कहा है कि ओपीएस जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिलने के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कर्मचारियों ने राज्य सरकार और रिम्स प्रबंधन से मामले का जल्द समाधान करने और अराजपत्रित कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ देने की मांग की है.
24 से 28 सितंबर तक काला बिल्ला लगाकर करेंगे काम
संघ की ओर से घोषित आंदोलन कार्यक्रम के तहत 24 से 28 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. इसके बाद 29 सितंबर को रिम्स प्रशासनिक भवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. संघ ने कहा है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा.



