Dhanbad Police Encounter: धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ में नीरज सिंह और निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
(धनबाद)। Dhanbad Police Encounter: जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड का वांटेड सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका धनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है।

मुठभेड़ धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी बुधवार की शाम हुई। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस की विशेष टीम पर कुख्यात अपराधी शिबू उर्फ सागर ने कथित तौर पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिबू के पैर में दो गोली लगी।

पुलिस ने उसे इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि विशेष टीम बुधवार को हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान शिबू उर्फ सागर सिंह उर्फ विजय सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।



