राजमहल के सालबन्ना में ₹13.43 लाख की लागत से बन रही नई पीसीसी सड़क का शिलान्यास हुआ. ग्रामीणों को कीचड़ से मिलेगी निजात और मिलेगी विकास की नई रफ्तार.
मंगलहाट: राजमहल प्रखंड के ग्राम सालबन्ना में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी राह आसान हो गई. झारखंड सरकार की 15वें वित्त आयोग (जिला परिषद, साहिबगंज) योजना के तहत मुख्य पीडब्ल्यूडी सड़क से लेकर चारघरिया तक बनने वाली नई पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भव्य शिलान्यास किया गया. इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास जिला परिषद सदस्य सुष्मिता देवी और उनके पति राजेश मंडल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ. पक्की सड़क की सौगात मिलने से स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
₹13.43 लाख की लागत से बदलेगी सालबन्ना की सूरत
ग्रामीणों को कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से निजात दिलाने के लिए इस योजना पर कुल ₹13,43,700 (तेरह लाख तैंतालीस हजार सात सौ रुपये) खर्च किए जाएंगे. निविदा संख्या 06/2026-27 के तहत बनने वाली यह पीसीसी सड़क सालबन्नी से चारघरिया को सीधे मुख्य मार्ग से जोड़ेगी. शिलान्यास के दौरान क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक चर्चा भी की गई.
मुख्य मार्ग तक आना-जाना होगा आसान, मिलेगी नई रफ्तार
शिलान्यास के बाद उपस्थित ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस पक्की सड़क के बन जाने से उन्हें मुख्य मार्ग तक आने-जाने में होने वाली दैनिक परेशानियां हमेशा के लिए दूर हो जाएंगी. इससे न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी.
इस खास मौके पर जिला परिषद साहिबगंज के जिला अभियंता समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रवण मंडल, बिंदेश्वरी यादव, निहार मंडल, संजय मंडल और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहें|



