MIT Muzaffarpur BTech MTech Placement: मुजफ्फरपुर एमआईटी में एनबीए टीम का तीन दिवसीय निरीक्षण पूरा हो गया है। टीम ने शोध, प्लेसमेंट बढ़ाने और शिक्षकों की कमी दूर करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिसके बाद अब तीनों ब्रांचों को मान्यता मिलने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur MIT NBA Accreditation News: एमआइटी मुजफ्फरपुर के तीन प्रमुख ब्रांचों में उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन करने आई एनबीए की पीयर टीम का तीन दिवसीय निरीक्षण रविवार को पूरा हो गया।
एग्जिट मीटिंग के दौरान विशेषज्ञों ने संस्थान के विकास और गुणवत्ता सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। टीम ने शिक्षकों व छात्रों को शोध कार्य, विकास गतिविधियों और सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
प्लेसमेंट बढ़ाने का सुझाव
विशेषज्ञों ने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों के प्लेसमेंट को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। वर्तमान में संस्थान में नियमित कर्मचारियों और हर ब्रांच में समर्पित लैब की कमी देखी गई है।
हर वर्ष नए बीटेक और एमटेक पाठ्यक्रम शुरू हो रहे हैं, लेकिन उस अनुपात में भवन और आधारभूत संरचनाएं विकसित नहीं हो पाई हैं।
शिक्षकों की कमी पर चर्चा
टीम ने प्राचार्य व शिक्षकों के साथ बैठक में एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर की कमी को दूर करने तथा शिक्षकों के लंबित प्रमोशन का सुझाव दिया।
एनबीए की टीम ने मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और केमिकल टेक्नोलॉजी (लेदर टेक्नोलॉजी) के दावों का सत्यापन किया। प्राचार्य डॉ. एमके झा ने उम्मीद जताई कि एक महीने के भीतर तीनों ब्रांचों को एनबीए मान्यता मिल जाएगी।
परिणाम और प्रदर्शन सराहा
तीन दिनों के निरीक्षण में एमआइटी की नामांकन स्थिति और बेहतर परीक्षा परिणाम की सबसे अधिक सराहना की गई। बीटेक और एमटेक के छात्र राज्य व यूनिवर्सिटी स्तर पर टॉपर रहे हैं।
वहीं छात्रों ने छात्रावास की कमी, नए भवनों के अभाव और परिसर की जर्जर सड़क जैसी समस्याओं से टीम को अवगत कराया।



