झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी यूबिका का सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया है. पार्थिव शरीर विशेष विमान से रांची लाया जाएगा. सीएम सोरेन ने संवेदना व्यक्त की
रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी यूबिका के दर्दनाक सड़क हादसे में निधन से रांची में शोक की लहर है. अपनी जवान बेटी को खोने के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह गहरे सदमे में हैं. घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर दौरे पर मौजूद राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो को दीपिका पांडेय सिंह को तत्काल राजधानी रांची लाने का निर्देश दिया. इसके बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को विशेष विमान (Special Aircraft) से रांची लाया गया.
एमजीएम में पोस्टमार्टम, दोपहर 3 बजे तक रांची पहुंचेगा पार्थिव शरीर
बताया जा रहा है कि यह भीषण हादसा जमशेदपुर के मरीन ड्राइव इलाके में गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ. पश्चिम बंगाल से जमशेदपुर लौटने के दौरान कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें यूबिका समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद जमशेदपुर के एमजीएम (MGM) अस्पताल में सभी 4 लोगों के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी खुद एमजीएम अस्पताल पहुंचे और पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया. पोस्टमार्टम संपन्न होने के बाद दोपहर लगभग 3 बजे तक पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.स्मार्ट सिटी आवास पर उमड़े नेता-कार्यकर्ता
विशेष विमान से रांची पहुंचने के बाद दीपिका पांडे सिंह अपने स्मार्ट सिटी स्थित आवास पर मौजूद हैं, जहां परिवार के सदस्य और करीबी उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन भी कुछ ही देर में उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे. स्मार्ट सिटी स्थित उनके आवास पर सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. यूबिका के असमय चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हर किसी की आंखे नम है.



