बाबू लाल नंदलाल सुशिक्षा विद्या मंदिर में नमामि भारतम् कार्यक्रम की तैयारियां शुरू
बरहरवा/साहिबगंज। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150वें वर्ष को लेकर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के तहत बाबू लाल नंदलाल सुशिक्षा विद्या मंदिर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती के आह्वान पर विद्यालय परिसर में नमामि भारतम् कार्यक्रम के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रधानाचार्य ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। विद्यालय की ओर से भी 11 अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें करीब 15 हजार अभिभावकों के शामिल होने की संभावना है।
11 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रधानाचार्य ने संयोजक, सह-संयोजक एवं आचार्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्रीय एकता, चेतना और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। सामूहिक गायन के माध्यम से समाज में एकता और अखंडता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भी इस आयोजन का विशेष महत्व है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मौके पर शिक्षक चिंतामणि गोस्वामी एवं गौरव कुमार उपस्थित थे।



