हरे परिधानों में सजी महिलाओं ने मनाया सावन का उत्सव, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
साहिबगंज। संवाददाता। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की ओर से शनिवार को शहर स्थित अ.म.ख. बड़ी धर्मशाला में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास के बीच मारवाड़ी समाज की सैकड़ों महिलाएं हरे एवं लाल रंग के पारंपरिक परिधानों और लहरिया साड़ियों में सज-धजकर समारोह में शामिल हुईं। महिलाओं के विशेष श्रृंगार और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया।
लोकगीत और नृत्य से सजा समारोह:
समिति की अध्यक्ष रुचि भरतिया ने बताया कि तीज महोत्सव में महिलाओं ने ढोलक की थाप पर तीज के पारंपरिक मंगल गीत गाए और जमकर नृत्य किया। झूला, गीत-संगीत और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में घेवर सहित सावन के विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया गया।
महिलाओं और बच्चों के लिए लगाए गए आकर्षक स्टॉल
महोत्सव में महिलाओं के लिए साड़ी, आभूषण, श्रृंगार सामग्री एवं तीज से जुड़ी विभिन्न उपयोगी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए थे। वहीं बच्चों के मनोरंजन और खान-पान के लिए भी कई तरह के स्टॉल लगाए गए। महिलाओं ने खरीदारी के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
समिति की महिलाओं ने बताया कि पिछले करीब 25 वर्षों से तीज महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार स्वतंत्रता दिवस और तीज महोत्सव एक साथ होने से उत्साह और भी बढ़ गया। महिलाओं ने कहा कि एक ओर देश की आजादी का पर्व है, वहीं दूसरी ओर भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा तीज का उत्सव, दोनों अवसरों को एक साथ मनाना गर्व की बात है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदियों ने भी सहभागिता कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। समिति की अध्यक्ष रुचि भरतिया, सचिव नीलम शर्मा, ममता केजरीवाल, किरण दीवान, खुशबू भगत सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



