साहिबगंज में लोको रनिंग स्टाफ के अधिकारों के लिए ‘अधिकार उद्घोषणा सम्मेलन’. 9 घंटे की ड्यूटी और 46 घंटे के विश्राम जैसी प्रमुख मांगों पर होगी चर्चा.
साहिबगंज : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) की साहिबगंज शाखा द्वारा एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. आगामी 1 नवंबर रविवार को सुबह 10:00 बजे से साउथ कॉलोनी स्थित एलआरसी (LRC) कार्यालय में ‘अधिकार उद्घोषणा सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस सम्मेलन में ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट और रनिंग स्टाफ के अधिकारों, कार्य अवधि और विश्राम जैसी बेहद गंभीर व 6 सूत्रीय मांगों पर आर-पार की रणनीति तैयार होगी.
लोको रनिंग स्टाफ के अधिकारों के लिए एकजुटता
एसोसिएशन ने सम्मेलन के साथ ही एक और बड़ा ऐलान किया है. आगामी 10 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के विशेष अवसर पर लोको रनिंग स्टाफ की ओर से ‘6 सूत्रीय सशक्तिकरण अभियान’ की शुरुआत की जाएगी. इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य रेल प्रशासन के सामने कर्मचारियों की जायज मांगों को मजबूती से रखना और देश भर के रनिंग स्टाफ को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है.
कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी हैं मांगें
एसोसिएशन के साहिबगंज ब्रांच अध्यक्ष रवि रंजन ने एसोसिएशन की उन 6 प्रमुख मांगों को विस्तार से साझा किया, जिन पर कल के सम्मेलन में मुख्य रूप से चर्चा होनी है:
- 46 घंटे का साप्ताहिक विश्राम: रनिंग स्टाफ के लिए हर हफ्ते 46 घंटे का लगातार रेस्ट सुनिश्चित किया जाए.
- अधिकतम 9 घंटे की ड्यूटी: साइन ऑन (Sign On) से लेकर साइन ऑफ (Sign Off) तक कुल कार्य अवधि 9 घंटे से ज्यादा न हो.
- 36 घंटे में मुख्यालय वापसी: ड्यूटी पर निकले रेलकर्मी को 36 घंटे के भीतर उनके होम हेडक्वार्टर वापस लाया जाए.
- 30% डेली लीव: प्रतिदिन कम से कम 30 प्रतिशत कर्मचारियों का अवकाश (छुट्टी) स्वीकृत किया जाए.
- नाइट रेस्ट की सुविधा: लगातार दो रात्रि ड्यूटी (Night Duty) करने के बाद मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रात्रि विश्राम दिया जाए.
- अतिरिक्त तैयारी का समय: रेस्ट अवधि के अतिरिक्त दो घंटे का तैयारी एवं कॉल बुक समय अलग से निर्धारित हो.
वरिष्ठ रेलकर्मी और दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस अधिकार उद्घोषणा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में कॉमरेड आरआर भगत, गौतम गोस्वामी, रघुनाथ शील, तन्मय राय, जेके मंडल, एमके राय और पीआर भारती सहित कई वरिष्ठ साथी एवं अनुभवी रेलकर्मी साहिबगंज पहुंच रहे हैं. कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष कॉमरेड रवि रंजन, शाखा सचिव कॉमरेड एनके प्रभाकर और शाखा कोषाध्यक्ष कॉमरेड दिवाकर सहित एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.
ब्रांच सचिव एनके प्रभाकर ने साफ कहा कि रनिंग स्टाफ की कठिन कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए इन मांगों का पूरा होना बेहद जरूरी है. उन्होंने साहिबगंज मंडल के सभी रनिंग कर्मचारियों से कल सुबह इस सम्मेलन में भाग लेकर एकता और संघर्ष को मजबूत बनाने की पुरजोर अपील की है.



