जेपीएससी नियुक्ति में गड़बड़ी को लेकर झारखंड बीजेपी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है. रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर और रोड ब्लॉक कर अपना विरोध जताया है.
ATAL BHARAT NEWS LIVE
4:14 PM. 11 Aug 26:
Jharkhand Bandh Live Updates: AJSU सुप्रीमो सुदेश महतो ने की सीबीआई जांच की मांग
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद सूबे की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है. ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे पीड़ित उम्मीदवारों और छात्रों से मुलाकात कर उन्हें अपना समर्थन दिया. प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए और मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि हम सरकार की गलत नीतियों और वादाखिलाफी के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं. सरकार में बैठे लोग कुछ दिन पहले आंदोलन का समर्थन करने और मुद्दे को सुलझाने की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे. अब वे छात्रों की जायज आवाज को दबाने के लिए उन पर लाठीचार्ज का क्रूर आदेश दे दिया. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पुलिसिया बर्बरता में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं और वर्तमान में अस्पतालों में भर्ती हैं. आजसू प्रमुख ने कहा कि सरकार की बदलती बयानबाजी से यह लगभग साफ हो चुका है कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं. उन्होंने मांग की कि इस पूरे नियुक्ति घोटाले की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदार अफसरों व बिचौलियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो.
3:22 PM. 11 Aug 26:
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: रामगढ़ के सुभाष चौक पर बीजेपी का प्रदर्शन

जेपीएससी (JPSC), जेएसएससी (JSSC) और सीजीएल (CGL) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का व्यापक असर रामगढ़ जिले में देखने को मिला. मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और राज्य सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया. रामगढ़ शहर और आसपास के प्रखंडों में बंद समर्थकों ने सुबह से ही आक्रामक रुख अपनाया. सुबह लगभग 9 बजे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ शहर के प्रमुख सुभाष चौक के पास सड़क पर जेसीबी (JCB) और बैरिकेडिंग लगाकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों ओर यात्री और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालांकि, आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों (एम्बुलेंस आदि) को कार्यकर्ताओं ने छूट दी और उनका परिचालन सामान्य रहा. जिलाध्यक्ष के अलावा रंजय कुमार (कुंटु बाबू), प्रो. संजय सिंह, राजू चतुर्वेदी, सुशांत कुमार पांडेय, छोटन सिंह, शिव कुमार महतो, शीतल सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों व मंडलों में भी विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला ने कहा कि अपने हक और न्याय की आवाज उठा रहे निहत्थे छात्रों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ और अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. बाबला ने स्पष्ट किया कि JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है. भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और उनके न्यायपूर्ण संघर्ष में हमेशा साथ खड़ी रहेगी.
3:00 PM. 11 Aug 26:
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: ‘मंत्री इरफान अंसारी ने लगाया बीजेपी पर गंभीर आरोप
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) धांधली व छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा दिए गए धरने को लेकर राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने बेहद गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक विरोध या प्रदर्शन नहीं था, बल्कि राज्य के आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हत्या की साजिश का प्रयास था. उन्होंने कहा कि कल हमारे मुख्यमंत्री बाल-बाल बचे हैं. जब सदन की कार्यवाही चल रही थी, तब भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास पर धरना दिया, वह प्रदर्शन नहीं था, बल्कि हत्या का प्रयास था.” इरफान अंसारी ने चिंता जताते हुए कहा कि जरा सोचिए- यदि किसी राज्य का आदिवासी मुख्यमंत्री बिना पर्याप्त सुरक्षा के सड़क किनारे रहता है और ठीक वहीं इस तरह का धरना दिया जाता है… मान लीजिए कि कोई दीवार कूदकर भीतर घुस जाता? मुख्यमंत्री वहां अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मौजूद थे. अगर कोई अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?” उन्होंने कहा कि इस तरह के उग्र प्रदर्शन के पीछे असली मंशा क्या थी, इसकी पहचान की जानी चाहिए.
2:43 PM. 11 Aug 26:
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: तय सीमा से पहले खत्म करना पड़ा सदन
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली, अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और ‘झारखंड बंद’ के मुद्दे पर विधानसभा के भीतर विपक्षी विधायकों द्वारा किए गए भारी हंगामे और नारेबाजी के कारण मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी. मानसून सत्र की कार्यवाही पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अगस्त तक प्रस्तावित थी, लेकिन हंगामे के चलते सदन को तय समय से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए खत्म करना पड़ा.
2:39 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: ABVP कार्यकर्ताओं ने पुलिस अफसर की फाड़ी वर्दी

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली व छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ‘झारखंड बंद’ के दौरान रांची के बरियातू इलाके में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का भारी उग्र प्रदर्शन देखने को मिला. प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि उग्र प्रदर्शनकारियों ने बरियातू थाना प्रभारी (थानेदार) प्रकाश रजक की वर्दी तक फाड़ दी. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और बल की लाचारी साफ नजर आई, जहां खाकी वर्दी पहनने वाले अधिकारी उग्र छात्रों के सामने असहाय होकर स्थिति को संभालने की कोशिश करते दिखाई दिए.
2:10 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
साहिबगंज में बीजेपी का प्रदर्शन

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का बरहेट में मिला-जुला और व्यापक प्रभाव देखने को मिला. भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही बरहेट बाजार में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस बंद और विरोध प्रदर्शन में शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज सह भाजपा नेता मंडल मुर्मू विशेष रूप से शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता मंडल मुर्मू ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार झारखंड के युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ सरासर खिलवाड़ कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए और पीड़ित छात्रों को तुरंत न्याय दिया जाए. बंद के दौरान बरहेट की स्थानीय दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर मिला-जुला असर देखा गया, जहां कई दुकानें कार्यकर्ताओं की अपील पर बंद रहीं. इस अवसर पर रमिता तिवारी, हेमंत साह, हनीफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे.
1:40 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली तथा आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत ‘झारखंड बंद’ का सरायकेला-खरसावां जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला. जिला मुख्यालय सरायकेला और खरसावां क्षेत्र में बंद का कोई विशेष असर नहीं दिखा और अधिकांश दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं, हालांकि राजनगर और कोलेबिरा इलाकों में बंद का आंशिक प्रभाव देखा गया. राजनगर में भाजपा नेता रमेश हांसदा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित सिदो-कान्हू चौक के समीप सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया. लगभग 1 घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण आवाजाही पूरी तरह बाधित रही और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सड़क जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ. वहीं, जिला मुख्यालय सरायकेला में बाजार की दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं, लेकिन लंबी दूरी की बसों और यात्री वाहनों के न चलने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा. बंद के दौरान पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनी रही. सरायकेला में थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य बाजारों में मुस्तैद रहा.
1:18 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
पाकुड़ में बीजेपी कार्यकर्ता हिरासत में

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी और रांची में आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को पाकुड़ के बिरसा चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष व महिला कार्यकर्ताओं ने पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे करीब 4 घंटे तक आवागमन ठप रहा और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पर डटे कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता और मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और धरना समाप्त कराने की अपील की, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे. अंततः यात्रियों की समस्या को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वैन से थाने पहुंचाया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ. प्रदर्शन में शामिल अनुग्रहित प्रसाद, हिसाबी राय, रूपेश कुमार भगत, अमृत पांडे, सोमित चौबे, अनिकेत गोस्वामी, मीरा पांडे, प्राची चौधरी, पार्वती देवी, धर्मेंद्र त्रिवेदी, सुशांत घोष, विवेकानंद तिवारी, दीपक साहा और पंकज साहा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि यह हेमंत सरकार पूरी तरह छात्र विरोधी और तानाशाह है, जो नौकरी बेचने का काम कर रही है, यदि सरकार ने छात्रों पर लाठियां बरसाना बंद नहीं किया, तो आंदोलन और उग्र होगा.
1:02 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
कतरास में सुबह में बंद पड़ी दुकानें बंद खुलीं

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का असर धनबाद के कतरास क्षेत्र में मिला-जुला देखने को मिला. सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए, हालांकि आम जनजीवन पर इसका कोई बड़ा प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा. कतरास भाजपा मंडल के दर्जनों कार्यकर्ता सुबह लगभग 11 बजे बाजारों और मुख्य सड़कों पर निकले. कार्यकर्ताओं ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों से बंद का समर्थन करने और अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया. इस दौरान भाजपाइयों ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. कार्यकर्ताओं की अपील पर दुकानदारों ने कुछ देर के लिए अपनी दुकानें बंद जरूर कीं, लेकिन उनके आगे बढ़ते ही दुकानें पुनः खुल गईं. मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं. बंद के दौरान छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन सड़कों पर सामान्य रूप से जारी रहा. बस, ऑटो और मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई. किसी भी अप्रिय घटना या अव्यवस्था से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा कतरास के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
12:45 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
सुदेश महतो धरने पर बैठे
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली तथा आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी (AJSU) के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंच गए हैं. आजसू पार्टी ने छात्रों के समर्थन में बुलाए गए राज्यव्यापी बंद को अपना पूरा समर्थन दिया है, जिसके तहत सुदेश महतो बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठ गए हैं.
12:33 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
28 बीजेपी कार्यकर्ता हिरासत में
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का नामकुम और लोवाडीह इलाके में व्यापक असर देखने को मिला. सुबह सुबह शुरुआत में इन इलाकों में दुकानें खुली थीं और आवागमन सामान्य था, लेकिन सुबह 10 बजे भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और दुकानें बंद कराईं. इसके बाद सुबह 11 बजे नामकुम बाजार चौक पर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर और टायर जलाकर रांची-जमशेदपुर (NH-33) मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालात को देखते हुए दोपहर लगभग 11:30 बजे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और जाम खुलवाया. इसी क्रम में लोवाडीह में भी मंडल अध्यक्ष अशोक गोप के नेतृत्व में बंद कराया गया. पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोवाडीह से 11 और नामकुम से 17 बंद समर्थकों (कुल 28 कार्यकर्ताओं) को गिरफ्तार कर स्थानीय थाने लाया, जहां सभी को हिरासत में रखा गया है.
12:12 PM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
बरहरवा में बीजेपी बंद का मिला जुला असर

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर रांची में हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के ‘झारखंड बंद’ के आह्वान का साहिबगंज के बरहरवा में मिला-जुला असर देखने को मिला. मंगलवार को भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बरहरवा बाजार में घूम-घूमकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दुकानदारों व शहरवासियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की, जिसके असर से कुछ देर के लिए दुकानें बंद रहीं. हालांकि, बंद के बावजूद शहर के स्टेशन चौक, पतना चौक, रेलवे फाटक, मेन रोड और राजमहल रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जहां एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, एसआई सुदामा सिंह और एएसआई राजनाथ साव सहित पुलिस बल विभिन्न चौक-चौराहों पर मुस्तैद रहे; इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता कुशमाकर तिवारी, रमेश सिंह, संजीव गुप्ता, तारक घोष और अमित भारती सहित कई कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे.
11:55 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
बीजेपी ने निकाली बाइक रैली
झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राजधानी के अल्बर्ट एक्का चौक पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया. इस दौरान बड़ी संख्या में बाइक स्वरों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के प्रदर्शन और लाठी चार्ज के विरोध में समर्थन जताया. बंद समर्थक कल के लाठचार्ज और पुलिस कार्रवाई पर विरोध जाता रहे थे. बड़ी संख्या में बाइक सवारों के एक साथ जमा हो जाने के कारण कुछ देर के लिए चौक पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. हालांकि, पुलिस की मदद से ट्रैफिक को काफी हद तक व्यवस्थित किया गया. भाजपा नेताओं ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं. दूसरी तरफ सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय छात्रों पर दमन कर रही है.
11:27 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे छात्रों की आवाज: बाबूलाल मरांडी
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और ‘झारखंड बंद’ के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छात्रों की न्यायसंगत मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस पूरे मामले को विधानसभा के भीतर और बाहर पुरजोर तरीके से उठाएगी. बाबूलाल मरांडी ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन और रांची के उपायुक्त (DC) ने गलत तरीके से कार्रवाई की है. उन्होंने यह भी ऐलान किया कि भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा के पटल पर पूरी मजबूती के साथ उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी.
11:14 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: पुराना विधानसभा के बाहर जुटने लगे बीजेपी कार्यकर्ता
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली तथा अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘झारखंड बंद’ का असर राजधानी में हर बीतते घंटे के साथ तेज होता जा रहा है. इसी क्रम में रांची स्थित पुराना विधानसभा परिसर के आसपास बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है, जहां एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है. कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं, प्रदर्शन स्थल पर ऑटो और अन्य वाहनों के जरिए भारी मात्रा में पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टर पहुंचाए गए हैं. पुराने विधानसभा क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल की मुस्तैदी के बीच कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने आंदोलन को धार देने में जुटे हैं.
11:08 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: गिद्दी चौक पर वाहनों की लगी लंबी कतारें
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर रांची में हुए पुलिस लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के खिलाफ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग के गिद्दी चौक पर मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और उग्र प्रदर्शन किया. सड़क जाम के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाना अत्यंत निंदनीय और तानाशाही रवैया है, क्योंकि झारखंड का युवा अपने भविष्य की रक्षा के लिए सड़कों पर है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय पुलिस के बल पर दमनकारी नीति अपना रही है. इस चक्का जाम के कारण गिद्दी चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्री बसों, मालवाहक वाहनों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के पुरुषोत्तम पांडेय, करुण सिंह, बृजकिशोर पाठक, दीपक झा, सियाराम सिंह, दिलीप सिंह, गिरजा सिंह, चंदन सिंह, अवतार सिंह, रविंद्र सिंह, गोविंद मिश्रा और हीरा सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल
10:57 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh Live Updates: धरने पर बैठे सुनील सोरेन
राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मंगलवार को आहूत ‘झारखंड बंद’ का असर उपराजधानी दुमका में मिला-जुला देखने को मिला. सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के बड़ा बांध क्षेत्र से एक विशाल जुलूस निकाला. यह जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए टीन बाजार, मुख्य बाजार और अंतरराज्यीय बस स्टैंड तक पहुंचा. जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए. बस स्टैंड पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने कुछ समय के लिए मुख्य प्रवेश द्वार को जाम कर दिया, जिससे बसों का परिचालन बाधित हुआ और यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा. हालांकि, बाद में पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित कर आवाजाही बहाल कराई गई. बाजार बंद कराने के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सुनील सोरेन के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर के प्रमुख टीन बाजार चौक पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए. धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने “नौकरियां बेचना बंद करो” और “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो” जैसे तीखे नारे लगाए. शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में दुकानें बंद रहीं, जबकि अन्य हिस्सों में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं
ATAL BHARAT NEWS LIVE
10:46 AM. 11 Aug 26
रांची के लोवाडीह में रोड जाम
रांची के लोवाडीह में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाकर और बांस बल्ली लगाकार रोड जाम कर दिया. सभी कार्यकर्ता बीच सड़कों पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन से वाहनों का आवागमन ठप है. दुकानें भी बंद पड़ी हुई है
10:36 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
चाईबासा में बंद का मिला जुला असर
रांची में हुए छात्रों पर लाठी चार्ज के विरोध में चाईबासा में भारतीय जनता पार्टी ने बंद बुलाकर सड़क जाम कर दिया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़क में घूम-घूम कर लोगों से दुकानें बंद करने की अपील की. चाईबासा में सुबह करीब 8.45 बजे कार्यकर्ता बाइक रैली के शक्ल में निकाल कर शहर में घूम-घूम कर दुकान बंद करवाते दिखे. हालांकि आज मंगलवार सप्ताहिक बाजार होने के कारण चाईबासा में बंद का असर नहीं रहा. दुकानदारों ने दुकान खुली रखी. बंद समर्थकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गयी. बंद को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी. नोवामुंडी बाजार में घूम घूम कर बंदी करवाया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप की नेतृत्व भाजपाईयों ने नोवामुंडी बाजार बंद कराने निकले. मझगांव, जैंतगढ़, जगन्नाथपुर और हाटगम्हरिया में भी बंद का असर नहीं रहा.
10:22 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
कुजू में बीजेपी ने चक्का जाम किया
छात्रों के साथ कथित बर्बरता के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को रामगढ़ के कुजू में व्यापक असर देखने को मिला. बंद के समर्थन में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नया मोड़ चौराहा को जाम कर दिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों का विरोध किया. चौराहा जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यातायात प्रभावित होने से राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में फंसे रहे. भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज दबाने के लिए सरकार द्वारा जिस तरह की कार्रवाई की गई, वह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है. इसी के विरोध में पार्टी ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. नेताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनके साथ न्याय करने की मांग की.
10:18 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
पाकुड़ में सड़क पर बैठे कार्यकर्ता
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में हुई कथित धांधली तथा रांची में अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का व्यापक असर पाकुड़ जिले में भी साफ देखने को मिल रहा है. मंगलवार सुबह से ही बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर थामे सीधे चौराहे पर बीच सड़क पर बैठ गए हैं और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं द्वारा बिरसा चौक को चारों तरफ से ब्लॉक कर दिए जाने के कारण लंबी दूरी की बसों, व्यावसायिक वाहनों और निजी गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और यातायात ठप रहने से लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
10:12 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
Jharkhand Bandh: आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचे AJSU सुप्रीमो सुदेश महतो, CBI जांच की उठाई मांग
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं तथा रांची में अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का गुमला जिले में सुबह से ही व्यापक और जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है. भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण पूरे शहर की रफ्तार थम गई है. सुबह पौने दस बजे तक शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों की अधिकांश दुकानें पूरी तरह बंद रहीं. व्यापारियों ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है. बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के लगातार सड़कों पर मुस्तैद रहने की वजह से आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है. सड़कों पर केवल इक्का-दुक्का लोग और इक्के-दुक्के वाहन ही नजर आ रहे हैं.
9:48 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
जरूरी काम से निकले लोगों को हुई परेशानी
जमशेदपुर में ऑटो और बस सेवाएं का परिचालन आम दिनों की तुलना में कम होने के कारण सुबह-सुबह, ऑफिस, अस्पताल या अन्य जरूरी कामों के लिए निकले आम लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं बंद के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन झारखंड के युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ और छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ एक न्यायसंगत आवाज है.
9:41 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
बीजेपी ने जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर बंद कराया पब्लिक ट्रांसपोर्ट
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर झंडा बैनर के साथ सड़क पर उतरे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद कराया. वहीं टेल्को में भी कई दुकानों को सुबह सुबह बंद पाया गया. हालांकि सुबह सुबह बंदी का बहुत ही व्यापक असर देखने को नहीं मिला. बंदी के कारण आम दिनों की तुलना में सड़कों पर बसों, ऑटो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का परिचालन काफी कम रहा.
9:39 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली तथा रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का असर मंगलवार सुबह से ही जमशेदपुर शहर में देखने को मिला. सुबह से ही शहर के कुछ चौक-चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर सड़कों पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक वाहनों के परिचालन का विरोध किया और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील की.
9:34 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
बीजेपी ने सोमवार को हुई घटना को दिया काला दिन करार
झारखंड बंद को सफल बनाने आए एक बीजेपी कार्यकर्ता ने कल के दिन को ‘काला दिन’ करार दिया है. आज बीजेपी खुलकर विरोध में सड़कों पर उतरी है. कल भी हम छात्रों के लिए CM आवास का घेराव करने निकले थे, जबकि स्टूडेंट्स विधानसभा का घेराव करने की कोशिश कर रहे थे. जिसका नतीजा ये हुआ कि हमारे सभी विधायकों, प्रतिनिधियों और नेताओं को रात 8 बजे तक होटवार में नजरबंद कर दिया गया. आज, उस घटना से उपजे आक्रोश के कारण हम जोरदार बंद कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हम छात्रों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे.
9:25 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
किशोरगंज चौक जाम
जेपीएससी नियुक्ति गड़बड़ी मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ का असर राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक सुबह-सुबह ही रांची के प्रमुख किशोरगंज चौक पर पहुंच गए और पूरे चौराहे को जाम कर दिया. किशोरगंज चौक पर बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं द्वारा चौराहे को चारों तरफ से ब्लॉक कर देने के कारण सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह थम गई है. विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे.
8:55 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
बंद की वजह से कई बस खाली
झारखंड बंद का असर आईटीआई बस स्टैंड पर सुबह से ही दिखा. सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम यात्री स्टैंड पहुंचे. बस कंडक्टर और ड्राइवर यात्री का इंतजार करते रहे. यात्री कम पहुंचने के कारण सुबह कई बसें खाली ही निकली. गुमला की कई बस आठ-दस यात्री लेकर ही निकले. कम यात्री पहुंचने के कारण स्टैंड सुना रहा.
8:32 AM. 11 Aug 26
ATAL BHARAT NEWS LIVE
जेपीएससी नियुक्ति गड़बड़ी मामले को लेकर झारखंड बीजेपी ने मंगलवार को अपना बंद बुलाया है. इसका असर सुबह से ही दिखने लगा है. बीजेपी कार्यकर्ता राजधानी रांची के विभिन्न सड़कों पर खड़े होकर रोड ब्लॉक कर रहे हैं. कई जगहों पर वे सड़क पर टायर जलाकर हाथों में पार्टी झंडे लिये प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान यात्रियों की आवाजाही सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले कम है.




