झारखंड के मौसम पर चक्रवात का गहरा असर दिख रहा है. कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है
रांची:बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर दिख रहा है. कई इलाकों में बारिश का सिलसिला अभी थमता नहीं दिख रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 24 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. इसके साथ ही कई जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है. हालांकि आज शाम तक डीप डिप्रेशन के कमजोर होकर अवदाब में बदलने की संभावना है.
गिरिडीह में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश गिरिडीह के नंदाडीह में 123.6 मिमी रिकॉर्ड हुई है. दूसरे स्थान पर 118.4 मिमी के साथ धनबाद का पुटकी इलाका शामिल है. रांची के कांके इलाके में 102.4 मिमी, सरायकेला के नीमडीह में 97.4 मिमी और धनबाद के तोंपचांची में 75.2 मिमी बारिश हुई है. इस दौरान डाल्टनगंज में सबसे ज्यादा 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है. जबकि रांची के कांके में सबसे कम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
सबसे ज्यादा असर सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने इन दोनों जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं रांची, खूंटी और गुमला समेत आसपास के इलाकों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश हो रिकॉर्ड हुई है. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो में भी भारी बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी मौसम खराब रह सकता है.
25 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 सितंबर को भी झारखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा. खासकर हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश की संभावना है. राज्य के दूसरे हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है. तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत होगी.26 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. लिहाजा, अगले दो-तीन दिनों तक झारखंड में पूरी तरह मौसम साफ होने के आसार नहीं हैं.गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना
बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक कई जगहों पर गरज और वज्रपात हो सकता है. इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.



